द वॉचमैन पोस्ट
25 July, 2026
सामाजिक
नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय थड़ोद द्वारा शनिवार को ग्राम धनगांव में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां निःशुल्क वितरित की गईं।
शिविर के दौरान मरीजों के रक्तचाप (बीपी) एवं रक्त शर्करा (शुगर) की निःशुल्क जांच की गई। इसके अलावा श्वास, कास, अग्निमांद्य, आध्मान, चर्म रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, शिरशूल, प्रवाहिका, उदरशूल, अर्श, प्रदर, दाद, अम्लपित्त, प्रतिश्याय एवं विवन्ध सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आयुर्वेदिक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, नशा मुक्ति, तनाव प्रबंधन तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर में डॉ. आर.पी. वर्मा एवं संजू भदौरिया ने अपनी सेवाएं दीं। इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ कुल 53 हितग्राहियों ने प्राप्त किया।