द वॉचमैन पोस्ट
25 July, 2026
अन्य
नीमच। पालक संघ जिला इकाई नीमच एवं महिला विंग जिला इकाई नीमच के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को शहर के नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क पुस्तकें, कॉपियां, नोटबुक एवं स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
पालक महासंघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि पालक संघ को जानकारी मिली थी कि विद्यालय के कई जरूरतमंद विद्यार्थी आर्थिक कारणों से अभी तक पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री नहीं खरीद सके हैं। इसी उद्देश्य से पालक संघ द्वारा पिछले दो वर्षों से संचालित सेवा प्रकल्प "अच्छी शिक्षा, सस्ती शिक्षा, सबको शिक्षा, घर-घर शिक्षा" के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में झाबुआ में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक कमलेश शर्मा के सहयोग से संपन्न हुआ। उनके सौजन्य से विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें, कॉपियां, नोटबुक एवं अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इस दौरान विद्यालय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री का लाभ मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव विश्वास खंडेलवाल ने संस्था की लगभग 70 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालय आज भी नाममात्र के शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में पालक संघ द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। विद्यालय के पूर्व छात्र एवं उप पुलिस अधीक्षक कमलेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने पालक संघ की पूरी टीम को शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पालक संघ के संरक्षक बालकृष्ण सोलंकी, उमा जैन, उषा मित्तल, आशा सांभर, एडवोकेट श्वेता शर्मा, भावना कांठेड़ (जैन), संजय नागदा, मंजू जोगनिया, नागेश जोगनिया, उषा सोनी (जीरन), विद्यालय के प्रधानाध्यापक निश्चल जोशी, जयप्रकाश गेहलोत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य कृतिका अहीर ने किया, जबकि एजुकेशन डायरेक्टर नरेन्द्र व्यास ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।