द वॉचमैन पोस्ट
25 July, 2026
अन्य
नीमच। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गोधाम बालाजी मंदिर स्थित गोसेवा प्रकल्प परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रकल्पों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए उनकी रूपरेखा तैयार की गई।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने बताया कि बैठक में अखंड भारत संकल्प अभियान, वन संचार अभियान, अर्चक-पुरोहित सम्मान समारोह, पौधारोपण अभियान, कबड्डी प्रतियोगिता तथा गोरक्षा हस्ताक्षर अभियान सहित कई महत्वपूर्ण आयोजनों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि वन संचार अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और उनके परिवारों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जबकि अर्चक-पुरोहित सम्मान समारोह में सनातन परंपरा की सेवा में समर्पित पुरोहितों का सम्मान किया जाएगा।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने तथा युवाओं में खेल भावना और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के लिए कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा गोरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान सहित अन्य कार्यक्रमों की रणनीति भी तैयार की गई। जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने बताया कि संगठन की अगली महत्वपूर्ण जिला बैठक 26 जुलाई को मनासा के शिवाजी सभागृह स्थित आर.वी. कॉलेज में आयोजित होगी। इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, जिला मंत्री कैलाश मालवीय, जिला सहसंयोजक बृजेश वाल्मीकि, सेवा प्रकल्प प्रमुख संजय चौरसिया, धर्म प्रसार प्रमुख विनोद जायसवाल, साप्ताहिक मिलन प्रमुख कपिल बैरागी, गोरक्षा प्रमुख सूरज ग्वाला सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।