द वॉचमैन पोस्ट
25 July, 2026
दुर्घटना
नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित खिमला प्लांट में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। बारिश से बचने के लिए पानी के टैंकर के नीचे बैठा मजदूर चालक द्वारा वाहन आगे बढ़ाने पर पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अली उर्फ रहमान पिता भोलू शेख (27) निवासी मेहर विश्वास टोला, थाना मेथा वाली, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। वह खिमला प्लांट में मजदूरी का कार्य करता था। जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 10 बजे अचानक बारिश शुरू होने पर अली पास में खड़े पानी के टैंकर के नीचे जाकर बैठ गया। इसी दौरान टैंकर चालक ने नीचे किसी के होने की पुष्टि किए बिना ही वाहन आगे बढ़ा दिया। टैंकर का पहिया अली के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और प्लांट प्रबंधन की मदद से घायल अली को तत्काल नीमच शहर के समीप कनावटी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोपहर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।