ताजासमाचार

नपा की लापरवाही से घायल हो रहे गौवंश, गऊ सेवा दल ने एक दिन में चार पशुओं का किया रेस्क्यू

द वॉचमैन पोस्ट 25 July, 2026 अन्य

नीमच। शहर में नालों पर लगी लोहे की जालीदार ग्रिलें बेजुबान गौवंश के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। नगर पालिका की कथित लापरवाही के चलते आए दिन गौवंश इन जालियों में फंसकर घायल हो रहे हैं। शुक्रवार को गऊ सेवा दल नीमच ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से घायल चार गौवंश का रेस्क्यू कर उनका उपचार कराया।

गऊ सेवा दल के अनुसार सुबह करीब 5 बजे बंगला नंबर-60 क्षेत्र में एक बछड़े का पैर नाले पर लगी लोहे की जाली में फंस गया। मौके से गुजर रहे एक चारा वाहन चालक ने बछड़े को सुरक्षित बाहर निकालकर गऊ सेवा दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौसेवक एम्बुलेंस के साथ पहुंचे और घायल बछड़े को उपचारशाला ले जाकर उसका इलाज शुरू कराया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम स्थित पुलिस कॉलोनी से एक नंदी के पैर से खून बहने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर नंदी का उपचार किया। वहीं महाराणा बंगला क्षेत्र में एक अन्य बछड़े के पैर में गंभीर चोट लगने की जानकारी मिलने पर गौसेवकों ने वहां पहुंचकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसी दौरान रेलवे फाटक क्षेत्र में एक गाय घायल अवस्था में तड़पती मिली। गऊ सेवा दल की एम्बुलेंस से उसे उपचारशाला पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

गऊ सेवा दल ने नगर पालिका से मांग की है कि शहर के नालों पर लगी लोहे की जालियों को लोहे की चादरों या सुरक्षित आवरण से ढंका जाए, ताकि गौवंश और अन्य पशुओं के पैर उनमें न फंसें तथा इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस सेवा कार्य में मितेश अहीर, पार्थ जोशी, कुश सैनी सहित गऊ सेवा दल के अन्य गौसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा।

Related Post