ताजासमाचार

नीमच बना ट्रायथलॉन की राजधानी, 30वीं मध्यप्रदेश स्टेट ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ

द वॉचमैन पोस्ट 24 July, 2026 दुर्घटना

प्रदेशभर से 230 खिलाड़ी पहुंचे, पहले दिन एक्वाथलॉन में नीमच के खिलाड़ियों का दबदबा

नीमच। नगर पालिका तरणताल परिसर में शुक्रवार सुबह 6 बजे 30वीं मध्यप्रदेश स्टेट ट्रायथलॉन एवं एक्वाथलॉन चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, सीएसपी किरण चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुंडड़ा तथा मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकांत तिवारी ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर एवं सीटी बजाकर किया।

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 230 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन आयोजित एक्वाथलॉन स्पर्धाओं में मेजबान नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकांश वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। ग्वालियर, भोपाल, मंदसौर, देवास, बैतूल, रायसेन, जबलपुर और नर्मदापुरम के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा और खेल सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। नीमच जिला ट्रायथलॉन एसोसिएशन एवं आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों ने सराहना की। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं नागरिक भी प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की एक्वाथलॉन स्पर्धाएं आयोजित होंगी। साथ ही पहले दिन के विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। सम्मान समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती गौरव चोपड़ा, जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास विजेता खिलाड़ियों का सम्मान करेंगे।

एक्वाथलॉन चैंपियनशिप-2026: पहले दिन के प्रमुख विजेता

सब मिनी (बालक)

  • पहला: निधिश्वरम राठौड़ (नीमच)
  • दूसरा: नमन गेहलोत (नीमच)
  • तीसरा: भाव्यांश पटेल (मंदसौर)

मिनी (बालक)

  • पहला: लक्ष्य धारवाल (नीमच)
  • दूसरा: अभिषेक जाटव (नीमच)
  • तीसरा: प्रत्याकाश कुमार गौतम (नीमच)

सब जूनियर (बालक)

  • पहला: विकास जाटव (नीमच)
  • दूसरा: हेमंत माली (नीमच)
  • तीसरा: रुद्रांश शुक्ला (बैतूल)

सब मिनी (बालिका)

  • पहला: धैर्या साहू (ग्वालियर)
  • दूसरा: डिम्पल कंवर भाटी (ग्वालियर)
  • तीसरा: यश्वी शर्मा (नीमच)

मिनी (बालिका)

  • पहला: रिद्धि राठौर (नीमच)
  • दूसरा: अस्मी भटनागर (नीमच)
  • तीसरा: कनिष्का गेहलोत (नीमच)

सब जूनियर (बालिका)

  • पहला: अस्मी कटारिया (नीमच)
  • दूसरा: मानवा पाबले (भोपाल)
  • तीसरा: अनुष्का हिंगणकर (भोपाल)

नीमच के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने पहले ही दिन प्रतियोगिता में मेजबान जिले की मजबूत दावेदारी साबित कर दी। अब दूसरे दिन होने वाली ट्रायथलॉन एवं जूनियर वर्ग की स्पर्धाओं पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Related Post