ताजासमाचार

खेल मैदान बचाने के लिए 26 जुलाई को धरना-प्रदर्शन, कलेक्टर के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

द वॉचमैन पोस्ट 25 July, 2026 अन्य

नीमच। शहर के एकमात्र प्रमुख खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति ने 26 जुलाई (रविवार) को धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। समिति ने शहर के खिलाड़ियों, मॉर्निंग वॉकर्स, प्रशिक्षकों, खेल संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

संघर्ष समिति के अनुसार, शासकीय जिला चिकित्सालय के समीप स्थित बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 का खेल मैदान वर्तमान में शहर के खेल प्रेमियों के लिए प्रमुख और एकमात्र मैदान है। समिति का कहना है कि इसी मैदान पर सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए स्थल चयन किया गया है। यदि यहां निर्माण होता है तो शहर के खिलाड़ियों के लिए खेलने हेतु कोई बड़ा सार्वजनिक खेल मैदान उपलब्ध नहीं रहेगा। इसी मांग को लेकर 26 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे भारत माता चौराहा-40 पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान को यथावत सुरक्षित रखने की मांग की जाएगी। संघर्ष समिति ने सभी खिलाड़ियों, मॉर्निंग वॉकर्स, प्रशिक्षकों, खेल एवं सामाजिक संगठनों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आंदोलन में शामिल होने और खेल मैदान बचाने के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। इस संबंध में जानकारी सुनील जैन, विमल शर्मा एवं मनीष वर्मा द्वारा दी गई।

Related Post