ताजासमाचार

नीमच में अतिक्रमण पर नगर पालिका की कार्रवाई, अंबेडकर मार्ग से दुकानों का सामान हटाया, 9 दुकानदारों पर जुर्माना

द वॉचमैन पोस्ट 25 July, 2026 प्रशासनिक

नीमच। शहर में यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच ने शनिवार को अंबेडकर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान दुकानों के बाहर सड़क तक फैलाकर रखा गया सामान हटवाया गया, कई स्थानों से सामान जब्त किया गया और गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने लायंस डेन से शिवाजी सर्किल तक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने की समझाइश दी गई और सड़क किनारे रखा सामान हटवाया गया। कुछ दुकानों के सामने फैला सामान नगर पालिका ने जब्त भी किया। अभियान के दौरान 9 दुकानदारों के चालान बनाकर कुल ₹2,300 का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में सहायक राजस्व निरीक्षक महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, महेंद्र साहू, योगेश टांकवाल तथा स्वच्छता निरीक्षक रवि खरे सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। टीम ने लायंस डेन, एलआईसी चौराहा, बंसल चौराहा, टीवीएस शोरूम चौराहा होते हुए शिवाजी सर्किल तक निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने दुकानदारों से अपील की है कि वे पार्किंग और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए दुकानों के बाहर सड़क तक सामान न रखें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी दुकान के बाहर अतिक्रमण या गंदगी पाई गई तो सामान जब्त करने के साथ-साथ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर पालिका के अनुसार, शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Post