द वॉचमैन पोस्ट
25 July, 2026
सामाजिक
नीमच। गौ माता को "राष्ट्रमाता" का संवैधानिक दर्जा दिलाने तथा देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौ सेवक विक्रम सिंह सोनगरा ने अपनी टीम के साथ नीमच जिले की 36 शासकीय एवं अशासकीय गौशालाओं का भ्रमण किया। इस दौरान गौशाला संचालकों एवं पदाधिकारियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए निमंत्रण पत्र वितरित किए गए।
विक्रम सिंह सोनगरा ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत 27 जुलाई 2026 को सुबह 8 बजे विजय मंत्र के कीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे जिलेभर की गौशाला समितियों के पदाधिकारी एवं गौभक्त एकत्र होकर जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा गौहत्या पर कठोर कानून लागू करने की मांग की जाएगी। उन्होंने सभी गौशाला समितियों से अभियान के समर्थन में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को शीघ्र पूर्ण करने, हस्ताक्षरित पत्र समय पर जमा कराने तथा अपनी-अपनी गौशालाओं से आकर्षक गौ माता की झांकियां तैयार कर नीमच लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस जन-जागरण अभियान का उद्देश्य समाज में गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है। अभियान के दौरान गौशाला संचालकों एवं गौभक्तों से 27 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में नीमच पहुंचकर गौ सम्मान आह्वान कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील भी की गई।