ताजासमाचार

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों से 9 खाद्य नमूने लिए, धारा-32 के तहत नोटिस जारी

द वॉचमैन पोस्ट 25 July, 2026 अन्य

नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को शहर के दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान कुल 9 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही निर्धारित मानकों में कमियां पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा-32 के तहत नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले तिलक मार्ग स्थित रतन स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां रसगुल्ला सहित विभिन्न मिठाइयों का निर्माण, विक्रय और भंडारण पाया गया। शिकायत के आधार पर टीम ने रसगुल्ला, घी, वनस्पति, मूंगफली तेल और जीरा सहित कुल 5 खाद्य नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान परिसर में खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां मिलने पर संचालक को धारा-32 के तहत नोटिस जारी किया गया। इसके बाद टीम ने बस स्टैंड के पीछे स्थित चिकन कम्स फर्स्ट प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां से मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया और रिफाइंड सोयाबीन तेल सहित 4 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण में अनियमितताएं पाए जाने पर इस प्रतिष्ठान को भी धारा-32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी 9 खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स, भोपाल भेजा गया है। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यदि धारा-32 के तहत जारी नोटिसों का निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Post