द वाॅचमेन पोस्ट
24 July, 2026
सामाजिक
नीमच। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली द्वारा कलाव्योम फाउंडेशन, फ्यूचर प्राइड स्कूल एवं रंगाभास नाट्यशाला के सहयोग से आयोजित 30 दिवसीय बाल रंगमंच कार्यशाला का समापन फ्यूचर प्राइड स्कूल, इंदिरा नगर में गरिमामय वातावरण में हुआ। लगभग एक माह तक चले प्रशिक्षण के बाद बच्चों ने अभिनय, संवाद, संगीत, मंच संचालन और रंगमंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि रंगमंच बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और संवेदनशीलता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के सहयोग से नीमच में इस स्तर की कार्यशाला का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुखलाल पंवार ने कहा कि कला और संस्कृति बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला हैं। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं बच्चों की रचनात्मक क्षमता को नई दिशा देती हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. स्वप्निल वधवा ने रंगमंच को बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और बौद्धिक विकास का प्रभावी माध्यम बताया।
कलाव्योम फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीमाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के कला एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण से जोड़ना है। भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सहयोग से ऐसे आयोजन लगातार किए जाएंगे।
30 दिनों तक बच्चों को अभिनय, संवाद, स्वर एवं वाचन, मंच संचालन, चरित्र निर्माण, शारीरिक अभिव्यक्ति, संगीत, लय-ताल और समूह प्रस्तुति का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार देर तक तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यशाला निदेशक सुशील मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का उद्देश्य बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण रंगमंचीय शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने नीमच के बच्चों की प्रतिभा और सीखने की उत्सुकता की सराहना की।
फ्यूचर प्राइड स्कूल की प्राचार्य नीलम किलोरिया ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। विद्यालय संचालक उमेश किलोरिया ने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा के साथ कला एवं संस्कृति से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, कला प्रेमी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।