ताजासमाचार

डाइट नीमच में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम, सीईओ अमन वैष्णव बोले- स्पष्ट लक्ष्य और अनुशासन से मिलती है सफलता

द वॉचमैन पोस्ट 25 July, 2026 अन्य

नीमच। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नीमच में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अमन वैष्णव ने प्रशिक्षुओं को करियर, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया।

सीईओ अमन वैष्णव ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, सतत अध्ययन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम ही व्यक्ति को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से तकनीकी दक्षता विकसित करने, सीखने की ललक बनाए रखने और समय के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, प्रशासनिक सेवाओं तथा विभिन्न रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव होता है। प्रत्येक शिक्षक को अपने कार्यकाल में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका सीईओ वैष्णव ने व्यवहारिक और प्रेरक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया।

कार्यक्रम का संचालन गायत्री सापेड़िया ने किया, जबकि वर्षा भारती ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डाइट के संकाय सदस्य, कर्मचारी तथा लगभग 105 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।गौरतलब है कि 15 से 29 जुलाई तक डाइट नीमच में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत निबंध प्रतियोगिता, योग एवं ध्यान, स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आगामी 27 जुलाई को भाषण प्रतियोगिता और 29 जुलाई को समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा, नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है।

Related Post