ताजासमाचार

'नशों से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत नीमच में 5 दिवसीय पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट कल से, 16 टीमें लेंगी हिस्सा

द वॉचमैन पोस्ट 25 July, 2026 दुर्घटना

नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे "नशों से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से नीमच पुलिस द्वारा 26 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार, 26 जुलाई से दशहरा मैदान, नीमच में होगा।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाना है। प्रदेशव्यापी अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिलेभर में प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एसपी राजेश व्यास ने बताया कि अभियान की थीम "खेलों से जुड़ें, नशों को छोड़ें" को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 30 जुलाई को खेला जाएगा।

टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में फुटबॉल टीमों के सचिवों की बैठक आयोजित कर प्रतियोगिता की रूपरेखा तय की गई। इस प्रतियोगिता में जिले की 16 फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब, एन.एफ.ए., एंग्लियन ईगल फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब, नीमच ब्रदर्स, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, सिटी स्पोर्ट्स, ग्वालटोली फुटबॉल क्लब, अहीर क्राउन फुटबॉल क्लब, यंग स्टार फुटबॉल क्लब, चर्चिल फुटबॉल क्लब, एन.एफ.सी., सिटी यूनियन फुटबॉल क्लब, हीरोज फुटबॉल क्लब एवं राज फुटबॉल क्लब सहित अन्य टीमें भाग लेंगी। नीमच पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Related Post