द वॉचमैन पोस्ट
24 July, 2026
प्रशासनिक
नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत नीमच पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एक अनूठी पहल की है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नवाचार के तहत 26 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक दशहरा मैदान, नीमच में 5 दिवसीय "पुलिस अधीक्षक कप फुटबॉल टूर्नामेंट" का आयोजन किया जाएगा।
टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी राजेश व्यास ने विभिन्न फुटबॉल क्लबों के सचिवों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय की। इस प्रतियोगिता में जिले की 17 फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी और खेल के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्त समाज का संदेश देंगी। प्रतियोगिता में अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब, एनएफए, ए. यूनियन, ईगल फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब, नीमच ब्रदर्स, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, सिटी स्पोर्ट्स, ग्वालटोली फुटबॉल क्लब, अहीर क्राउन फुटबॉल क्लब, यंग स्टार फुटबॉल क्लब, चर्चिल फुटबॉल क्लब, एनएफसी, सिटी यूनियन फुटबॉल क्लब, हीरोज फुटबॉल क्लब और राज फुटबॉल क्लब सहित कुल 17 टीमें भाग लेंगी।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से "खेल के मैदान से नशे के खिलाफ जंग" की शुरुआत की गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ें और नशे से दूर रहें। नीमच पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का मानना है कि जनसहभागिता से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।