ताजासमाचार

रत्न निधि श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा-5 का चातुर्मास मंगल प्रवेश, विकास नगर में उमड़ा आस्था का सैलाब

द वॉचमैन पोस्ट 24 July, 2026 धार्मिक

नीमच। श्री जैन श्वेतांबर महावीर जिनालय ट्रस्ट, विकास नगर के तत्वावधान में परम पूज्य रत्न निधि श्रीजी महाराज साहब एवं पुण्य निधि श्रीजी महाराज साहब आदि ठाणा-5 का चातुर्मास मंगल प्रवेश शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। जैन भवन से निकली भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महावीर जिनालय पहुंची, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, रंगोली और स्वास्तिक बनाकर साध्वी वृंद का स्वागत किया। इसके बाद झूलेलाल मंदिर परिसर में विशाल धर्मसभा आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी रत्न निधि श्रीजी महाराज साहब ने कहा कि चातुर्मास के चार माह तप, त्याग, संयम और आत्मकल्याण के लिए समर्पित होने चाहिए। मनुष्य जीवन भोग-विलास के लिए नहीं, बल्कि तप और धर्म आराधना के लिए मिला है। तपस्या से पापकर्मों की निर्जरा होती है तथा चातुर्मास आत्मचिंतन और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का श्रेष्ठ अवसर है। साध्वी अमि दर्शा श्रीजी महाराज साहब ने भगवान महावीर के उपदेशों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया, जबकि साध्वी समवेग प्रिया श्रीजी महाराज साहब ने चातुर्मास को मानवता, संस्कार और आत्मशुद्धि का पर्व बताया। कार्यक्रम में गुरु वंदना, धार्मिक नाटिका एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों का भी आयोजन किया गया। 

समाजसेवियों का सम्मान

चातुर्मास मंगल प्रवेश के अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नरेश डागलिया, जितेंद्र चोपड़ा, मनसुख चोपड़ा, नितेश भाटिया, शांतिलाल बारगोठा, नरेंद्र लोढ़ा, रवि श्रीमाल, अरविंद संघवी, ज्ञानचंद फाफरिया, प्रवीण चोरड़िया, रोशन गोलेछा, संजय जैन, पूनम धारीवाल सहित अनेक समाजजनों का शाल, श्रीफल और मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया गया।

Related Post