ताजासमाचार

खेत पर काम के दौरान करंट की चपेट में आया युवक, जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण के पुत्र की मौत

डेस्क न्यूज़ 23 July, 2026 दुर्घटना

नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम नागथुन में गुरुवार सुबह खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान करण चारण (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जनपद पंचायत जावद अध्यक्ष गोपाल चारण के पुत्र थे। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार करण गुरुवार सुबह गुर्जरखेड़ी-सांखला स्थित 4 खंबा चौराहा क्षेत्र के खेत पर कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन खेत पर पहुंचे, जहां करण बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन तत्काल उसे जावद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे नीमच जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और परिचितों की भीड़ जुट गई। जिला जनपद अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, समाजसेवी अजय भटनागर, सचिन गोखरू सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। पुलिस की मौजूदगी में जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस करंट लगने की परिस्थितियों और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Post