ताजासमाचार

नशा मुक्ति अभियान 2.0 में बड़ी कार्रवाई: 6 लाख की 4 किलो अफीम और बाइक के साथ तस्कर गिरफ्तार

डेस्क न्यूज 24 July, 2026 अपराध

नाहरगढ़ पुलिस की नाकाबंदी में धरा गया आरोपी, बेटीखेड़ी फंटा से अफीम बरामद, NDPS एक्ट में केस दर्ज

मंदसौर। प्रदेशभर में चल रहे "नशे से दूरी है जरूरी – विशेष अभियान 2.0" के तहत मंदसौर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 4 किलोग्राम अवैध अफीम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल तथा एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी और उनकी टीम ने 23 जुलाई को डीगांव-बसई रोड स्थित बालाजी मंदिर के सामने बेटीखेड़ी फंटा पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान हीरो स्प्लेंडर (एमपी-14-झेडएच-6741) पर सवार मुकेश पिता शंकरलाल ढोली (35), निवासी प्रतापनगर, गरोठ को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से अफीम के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नाहरगढ़ में अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से अफीम की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई को नाहरगढ़ थाना पुलिस टीम की सराहनीय सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Post