द वॉचमेन पोस्ट
23 July, 2026
दुर्घटना
नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भोजपुरा निलिया में बुधवार दोपहर खेत में फसल पर दवा का छिड़काव कर रहे एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सीने में तेज दर्द उठने पर उसे पहले मोरवन अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजू पिता भेरूलाल भील (35 वर्ष), निवासी ग्राम बाराजी कंजार्डा के रूप में हुई है। वह खेत मालिक रामस्वरूप के खेत का पातीदार था और ग्राम परवानी स्थित खेत पर खेती का कार्य करता था। बुधवार को वह अन्य मजदूरों के साथ खेत में फसल पर दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा और वह खेत में ही बैठ गया। खेत मालिक रामस्वरूप ने बताया कि सूचना मिलते ही वह राजू को मोटरसाइकिल से मोरवन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन कार से उसे अस्पताल लेकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार शाम जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। रतनगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद यह घटना हुई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।