द वॉचमैन पोस्ट
24 July, 2026
राजनीति
नीमच। जिले के जावद बस स्टैंड पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जिलेभर में आयोजित आंदोलन का हिस्सा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का विरोध जताते हुए केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई, वहीं मोदी सरकार के कथित जनविरोधी और तुगलकी फैसलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जावद बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का प्रयास किया। पुतला जलाने के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। कुछ देर तक बस स्टैंड परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने और आग फैलने से रोकने के लिए मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड ने पानी का छिड़काव कर पुतले की आग बुझा दी। इस दौरान पानी की बौछार प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास है। साथ ही पार्टी ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने और जनहित की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इसी क्रम में नीमच जिले के सावन, रामपुरा, मनासा, रतनगढ़ और धनेरिया कला सहित विभिन्न स्थानों पर भी विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जावद में पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह बना, यूथ जिलाध्यक्ष मन्नू बना बागरेड, सत्यनारायण पाटीदार और चंद्रशेखर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।