द वॉचमैन पोस्ट
24 July, 2026
प्रशासनिक
नीमच। जिले के शासनाधीन मंदिरों के सुव्यवस्थित प्रबंधन, विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने धर्मस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और मंदिरों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के शासनाधीन मंदिरों में पुजारियों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए संबंधित एसडीएम को नियमानुसार समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही नीमच, मनासा और जावद तीनों अनुविभागों में 10-10 प्रमुख मंदिरों का चयन कर उनकी प्रबंध समितियों का गठन करने के निर्देश दिए, ताकि मंदिरों का संचालन पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से हो सके। कलेक्टर चंद्रा ने मंदिर परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवश्यकता अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा मंदिरों की भूमि के संरक्षण, परिसर विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम मनासा किरण अंजाना, एसडीएम जावद संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयडिया सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।