हेमंत अहिरवार
24 July, 2026
नीमच \ जीरन । नीमच जिले की जीरन तहसील के ग्राम पिराना में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। खेत में फसल पर दवाई का छिड़काव कर रहे किसान भगतराम गुर्जर की 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिराना निवासी किसान भगतराम गुर्जर अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के झूलते तारों की चपेट में आ गए। करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगहों पर 11 केवी विद्युत लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। कई खंभों और तारों की स्थिति लंबे समय से खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में पहले भी विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन समय पर सुधार कार्य नहीं किए गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की कि हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच कर कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक किसान के परिवार को शासन के नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र की सभी 11 केवी लाइनों का सर्वे कराने, नीचे झूल रहे तारों को ठीक करने और भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
गांव में छाया शोक का माहौल
किसान भगतराम गुर्जर की मौत के बाद ग्राम पिराना सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने कहा कि खेतों में काम करने वाले किसानों की सुरक्षा के लिए बिजली विभाग को समय-समय पर विद्युत लाइनों की जांच और मरम्मत करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।