द वॉचमैन पोस्ट
24 July, 2026
अपराध
मंदसौर। मंदसौर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नारायणगढ़ थाना क्षेत्र की बुढ़ा चौकी पुलिस ने जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, चार मोटरसाइकिल और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में बुढ़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास गेहलोत की टीम ने 23 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर झारड़ा रोड स्थित सलीम की मटन दुकान के पीछे दबिश दी। यहां पांच लोग ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत सिंह सोंधिया (41) निवासी बांसखेड़ी, मनोहर सिंह सोंधिया (36) निवासी गर्रावद, पप्पू उर्फ बापूलाल सोलंकी (36) निवासी खड़पालिया, विक्रम सिंह सोंधिया (36) निवासी बांसखेड़ी तथा सलीम (39) निवासी बुढ़ा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11,800 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 25 हजार रुपये) और 4 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये) जब्त की हैं। इस मामले में थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 234/2026 दर्ज कर जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई में शामिल नारायणगढ़ थाना और बुढ़ा चौकी की टीम की भूमिका को सराहनीय बताया।