द वॉचमेन पोस्ट
21 July, 2026
दुर्घटना
नीमच। शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल अंबेडकर मार्ग स्थित टीवीएस शोरूम-विश्वकर्मा सर्किल पर मंगलवार देर शाम दो कारों की मामूली टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। करीब आधे घंटे तक चले विवाद के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस जवानों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश देकर जाम खुलवाया, लेकिन उनके जाते ही विवाद दोबारा भड़क गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार आरजे-09 सीई-5955 एवं एमपी-44-सीए-0852 क्रमांक की कारें गायत्री मंदिर रोड की ओर से आ रही थीं। इसी दौरान दोनों वाहनों की मामूली टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
बताया जा रहा है कि एक कार चालक ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर सड़क से वाहन हटवाए, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। हालांकि पुलिस के रवाना होते ही पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान एक कार चालक ने दूसरे पक्ष के चालक के साथ मारपीट कर दी। बाद में पीड़ित वहां से चला गया और कुछ देर बाद वाहन मालिक के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद समाप्त हो चुका था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि टीवीएस शोरूम-विश्वकर्मा सर्किल शहर का अत्यंत व्यस्त चौराहा है, जहां से प्रतिदिन बसें, ट्रक, स्कूल वाहन, ऑटो और हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद यहां नियमित रूप से यातायात पुलिस की तैनाती नहीं रहती, जिसके कारण छोटी-छोटी दुर्घटनाएं भी कई बार विवाद और जाम का कारण बन जाती हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि व्यस्त चौराहों पर नियमित रूप से यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए, तो ऐसे विवादों और जाम की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।