ताजासमाचार

बच्चों के बीच टाटपट्टी पर बैठे ये शख्स हैं जिले के कलेक्टर हिमांशु चंद्रा; जावी की आंगनवाड़ी में परखी शिक्षा की गुणवत्ता

कपिलसिंह चौहान 08 July, 2026 प्रशासनिक

नीमच, 08 जुलाई 2026। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच बुधवार को नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का एक बेहद संवेदनशील और आत्मीय रूप फिर देखने को मिला। जिले के जावी एवं मालखेड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की बच्चों के प्रति गहरी चिंता और लाड़ एक बार फिर खुलकर सामने आया। कलेक्टर यहाँ किसी रसूखदार वीआईपी की तरह कुर्सी पर नहीं बैठे, बल्कि सीधे बच्चों के बीच जमीन पर बिछी टाटपट्टी पर बैठ गए और उनसे बेहद आत्मीय संवाद किया।

कलेक्टर के इस सहज अंदाज ने न केवल बच्चों का दिल जीत लिया, बल्कि वहां मौजूद अमला भी उनकी इस सादगी को देखता रह गया। बच्चों के बीच बैठकर उन्होंने स्वयं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया।

कार्यपुस्तिका से कराया अक्षर ज्ञान, बच्चों ने उत्साह से सुनाईं कविताएं
टाटपट्टी पर बैठकर कलेक्टर ने बच्चों का शैक्षणिक स्तर जांचने के लिए एक शिक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों की कार्यपुस्तिका (वर्कबुक) के माध्यम से अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान और चित्रों की पहचान कराई। इस बीच उन्होने बच्चों से फलों और सब्जियों के नाम पूछे, बच्चों से व्यक्तिगत रूप से गिनती, अंग्रेजी वर्णमाला तथा बाल-कविताएं सुनीं।

कलेक्टर के दोस्ताना व्यवहार से उत्साहित होकर नन्हें-मुन्नों ने भी बिना किसी डर के 20 तक गिनती सुनाई और पूरे हाव-भाव के साथ कविताएं प्रस्तुत कीं। बच्चों की इस सक्रिय सहभागिता और उनके सीखने के स्तर को देखकर कलेक्टर ने उनकी पीठ थपथपाई और केंद्र की गतिविधियों की सराहना की।

लापरवाही पर जताई नाराजगी; सुधरने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जहां एक तरफ बच्चों के प्रति कलेक्टर का प्रेम दिखा, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक कमियों पर उनका सख्त रुख भी सामने आया।

  • व्यवस्थाओं में कमी: आंगनवाड़ी केंद्र भवन की समय पर मरम्मत न होने, रंगाई-पुताई की खराब स्थिति और बच्चों की कार्यपुस्तिकाओं को समय पर पूरा नहीं कराने जैसी लापरवाही पाई गई।
  • अधिकारियों को हिदायत: इस लचर व्यवस्था पर कलेक्टर ने संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने की हिदायत दी।

कुपोषण और टीकाकरण की भी ली जानकारी
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने केंद्र में दर्ज कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य, उनके नियमित टीकाकरण, अनुपूरक पोषण आहार के वितरण तथा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं और सेवाओं को अंतिम हितग्राही तक समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद:
इस दौरान कलेक्टर के साथ एसडीएम पराग जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी इरफान अंसारी सहित अन्य संबंधित मैदानी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post