डेस्क न्यूज़
08 July, 2026
अन्य
रतलाम। सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि लोको पायलट ने समोसे खरीदने के लिए ट्रेन रोक दी। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने काफी सुर्खियां बटोरीं। अब इस मामले में पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर वायरल दावे को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, संबंधित कॉनकोर ग्रीन फील्ड प्राइवेट टर्मिनस की मालगाड़ी राऊ यार्ड में पहले से ही पूर्व निर्धारित इंजीनियरिंग कार्य के कारण परिचालन नियमों के तहत खड़ी थी। ट्रेन को किसी भी परिस्थिति में भोजन या समोसे खरीदने के लिए नहीं रोका गया था।
प्रेस नोट में बताया गया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति कार्यरत सहायक लोको पायलट नहीं, बल्कि एक स्पेयर सहायक लोको पायलट था, जिसने अधिकृत ठहराव के दौरान व्यक्तिगत रूप से भोजन खरीदा। इस दौरान ट्रेन का कार्यरत लोको पायलट और सहायक लोको पायलट दोनों अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे तथा ट्रेन पूरी तरह सुरक्षित और निर्धारित परिचालन प्रक्रिया के अनुरूप संचालित हो रही थी।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो को गलत तरीके से यात्री डेमू (DEMU) ट्रेन से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जबकि यह घटना कॉनकोर ग्रीन फील्ड प्राइवेट टर्मिनस की मालगाड़ी से संबंधित थी। रेलवे ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी जानकारी पर विश्वास करने या उसे साझा करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें और केवल रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।