ताजासमाचार

राज्य तैराकी चैंपियनशिप के लिए नीमच के 29 तैराक चयनित, इंदौर में दिखाएंगे दम

डेस्क न्यूज़ 08 July, 2026 अन्य

नीमच। 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी चैंपियनशिप के लिए आयोजित जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता में जिले के युवा तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। नगर पालिका स्वीमिंग पूल पर आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से विभिन्न आयु वर्गों के 29 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 16 जुलाई से इंदौर में आयोजित होने वाली 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन कर किया गया।

चयनित खिलाड़ियों में ग्रुप-2 से 11, ग्रुप-3 से 11 तथा ग्रुप-4 से 7 तैराक शामिल हैं। सभी खिलाड़ी आगामी दिनों में विशेष प्रशिक्षण लेकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी करेंगे।

प्रतियोगिता के दौरान जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, मंडल अध्यक्ष दिलीप डूंगरवाल, सहकोषाध्यक्ष बंटू बाफना, रामगोपाल मोदी एवं मुकेश चतुर्वेदी उपस्थित रहे। अंतिम चयन प्रक्रिया में मेंटर प्रभु मूलचंदानी एवं अध्यक्ष अशोक मोदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन कर टीम को अंतिम रूप दिया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नगर पालिका की कोच सुधा सोलंकी, आयुष गौड़, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर, नीलेश घावरी तथा पूल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के अभिभावक भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

जिला तैराकी संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित खिलाड़ी राज्य तैराकी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

Related Post