ताजासमाचार

शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं, पीड़ित परिवार ने कलेक्ट्रेट के बाहर खोला मोर्चा !एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन

डेस्क न्यूज़ 07 July, 2026 अन्य

नीमच। जिला स्तरीय जनसुनवाई में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब रामपुरा का एक पीड़ित परिवार न्याय नहीं मिलने से नाराज होकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गया। परिवार ने साफ कहा कि जब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। बाद में एसडीएम और तहसीलदार के मौके पर पहुंचकर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त हुआ।

पीड़ित परिवार ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि रामपुरा के सर्वे क्रमांक 422 स्थित शासकीय कुएं, शासकीय भूमि और पूर्वजों के धार्मिक चबूतरे पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर टीनशेड और बाउंड्री का निर्माण किया गया है। उनका कहना है कि 23 जून की जनसुनवाई में भी शिकायत की गई थी, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार, सीएमओ और थाना रामपुरा को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार का आरोप है कि इस मामले में उन्होंने थाना, नगर परिषद और तहसील कार्यालय में भी अलग-अलग शिकायतें दीं, लेकिन हर बार उन्हें एक विभाग से दूसरे विभाग भेजा जाता रहा। उनका कहना है कि अतिक्रमण के कारण शासकीय कुएं और धार्मिक चबूतरे तक पहुंचने का रास्ता बाधित हो गया है तथा उनकी कृषि भूमि की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।

आवेदन में परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं भी हुई थीं, जिनके फोटो और वीडियो संबंधित अधिकारियों को दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

धरने की सूचना मिलने पर पहले तहसीलदार की ओर से संदेश भेजा गया, लेकिन परिवार नहीं माना। बाद में एसडीएम और तहसीलदार स्वयं मौके पर पहुंचे और मामले के शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिवार ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

Related Post