ताजासमाचार

विकास के दावों के बीच मूलभूत सुविधाओं को तरसी उदय नगर कॉलोनी ! सड़क, पानी और स्ट्रीट लाइट की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 07 July, 2026 अन्य

नीमच। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच ग्राम पंचायत जमुनियाकला की उदय नगर कॉलोनी आज भी सड़क, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। वर्षों से समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज कॉलोनीवासियों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन कर चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।

ज्ञापन में रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में वर्षों से सीसी सड़क का निर्माण नहीं हुआ है और न ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है। बारिश के दौरान सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रहवासियों ने बताया कि पेयजल संकट भी लगातार बना हुआ है। करीब एक माह से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण नियमित जलापूर्ति प्रभावित है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों से गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रहे लोग अब खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

रहवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उदय नगर कॉलोनी में शीघ्र सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की जाए और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन और चक्काजाम करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Post