कपिलसिंह चौहान
08 July, 2026
मंदसौर/गरोठ, (कपिल सिंह चौहान) 08 जुलाई 2026। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज बुधवार, 8 जुलाई को मंदसौर जिले के गरोठ आ रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल दौरे के तहत वे मंदसौर जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के अत्याधुनिक 8-लेन कॉरिडोर का निरीक्षण करने वाले हैं। प्रशासनिक स्तर पर जहां इस वीआईपी मूवमेंट को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस दौरे से ठीक पहले एक्सप्रेस-वे की आनन-फानन में की जा रही मरम्मत को लेकर स्थानीय निवासियों और सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।
देख रहे हो विनोद..." सोशल मीडिया पर सड़क रिपेयरिंग का वीडियो वायरल
मंत्री गडकरी के निरीक्षण से ठीक पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अचानक शुरू हुए मरम्मत कार्य को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।
क्रांति तिवारी ने अपनी एक फेसबुक पोस्ट पर रोड रोलर से सड़क की रिपेयरिंग का वीडियो साझा करते हुए तीखा तंज कसा है। उन्होंने लिखा:
"देख रहे हो विनोद, आम आदमी रोज दुर्घटना में मरता है, इन्हें फर्क नहीं पड़ता। पर मंत्री जी के पेट का पानी ना हिले, इसकी पूरी तैयारी है। स्थानीय मंत्री और विधायकों की बंदरबांट में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे। आज आ गए हैं मंत्री नितिन गडकरी जी, रोज होती मौतों का कौन है जिम्मेदार? किसकी है जवाबदेही?"
इसी पोस्ट को साझा करते हुए वरिष्ठ पत्रकार आलोक शर्मा ने भी टिप्पणी की कि नितिन गडकरी के आने से ठीक पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की मरम्मत का काम बेहद तेजी से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आम दिनों में अनदेखी का शिकार रहने वाले इस एक्सप्रेस-वे की सुध सिर्फ इसलिए ली जा रही है ताकि केंद्रीय मंत्री के सामने सब कुछ 'ऑल इज वेल' दिखाया जा सके।
वायरल पोस्टर में एक्सप्रेस-वे को बताया 'एक्सीडेंट-वे'
सोशल मीडिया पर वीडियो के साथ-साथ एक बेहद तीखा डिजिटल पोस्टर भी तेजी से वायरल हो रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तस्वीर वाले इस पोस्टर में एक्सप्रेस-वे की हकीकत को बयां करती विभिन्न मीडिया संस्थानों की दर्जनों खबरों की कतरनें (क्लिपिंग्स) लगाई गई हैं।
पोस्टर में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा गया है:
"देख लीजिए माननीय केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी जी, यह है आपका बहु विकसित सुविधाओं वाला एक्सप्रेस-वे, SORRY एक्सीडेंट-वे।"
इस वायरल पोस्टर में "भारी टोल, टूटी सड़क और जान हथेली पर", "ऊंचे-नीचे पैचवर्क से कार अनियंत्रित", "एक्सप्रेस-वे पर गड्ढों और बिगड़े एलाइनमेंट का मरम्मत कार्य शुरू" जैसी गंभीर खबरों को संकलित किया गया है। पोस्टर के अंत में चेतावनी भरे लहजे में लिखा गया है कि यह सिर्फ 4 महीनों के हादसों का कवरेज है जो सिर्फ कराड़िया से मंडावरा तक के हिस्से में हुए हैं, बाकी का तो आप कल्पना कर लीजिए। कुछ कीजिए साहब, जिंदगी अनमोल है।यह वायरल पोस्टर सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन और सरकार को घेरने का बड़ा जरिया बन गया है।
सांसद सुधीर गुप्ता ने दिल्ली में गडकरी से की मुलाकात
इस बड़े दौरे से ठीक पहले क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सौजन्य भेंट की। सांसद गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे 'विकसित भारत 2047' के अंतर्गत भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो पूरे मालवा क्षेत्र को आर्थिक और औद्योगिक रूप से बड़ी सौगात देगा।
रात्रि विश्राम और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जारी शेड्यूल के मुताबिक, मंत्री नितिन गडकरी बुधवार शाम 7 :30 बजे से 8:30 बजे तक गरोठ 8-लेन पर पहुंचेंगे। एनएचएआई (NHAI) के टोल मैनेजर अनुराग यादव ने बताया कि इस वीआईपी दौरे की संवेदनशीलता को देखते हुए एनएचएआई के चेयरमैन ने खुद गरोठ पहुंचकर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का आखिरी जायजा लिया है। सुरक्षा कारणों से वीआईपी मूवमेंट के दौरान गरोठ मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया जा सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर
