डेस्क न्यूज़
07 July, 2026
अन्य
नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक मार्मिक पारिवारिक मामला सामने आया। मनासा तहसील के ग्राम आंत्रीबुजुर्ग निवासी रोडूलाल पिता पनाजी कीर ने अपने ही पुत्र गौतम कीर के खिलाफ आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। वृद्ध पिता का आरोप है कि पुत्र लंबे समय से उनका और उनकी पत्नी का भरण-पोषण नहीं कर रहा है। इतना ही नहीं, मकान की दीवार तोड़ने से बरसात का पानी घर में भर गया, जिससे उनका जीवन और भी कठिन हो गया है।
आवेदन में रोडूलाल ने बताया कि करीब दो-तीन वर्ष पहले उन्होंने पुत्र के खिलाफ मनासा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि एसडीएम मनासा द्वारा उन्हें और उनकी पत्नी के भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह दो-दो हजार रुपये, कुल चार हजार रुपये देने के आदेश दिए गए थे। आरोप है कि पुत्र ने केवल 2,600 रुपये का भुगतान किया और पिछले 10 से 12 महीनों से कोई राशि नहीं दी।
वृद्ध पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि का बंटवारा कर पुत्र को उसका हिस्सा दे दिया था। अब उनके पास आय का कोई साधन नहीं बचा है। बीमारी के कारण दवाइयों का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है और कई बार भोजन की व्यवस्था करना भी चुनौती बन जाता है।
आवेदन के अनुसार 29 जून 2026 को गौतम कीर ने मकान की एक दीवार यह कहकर गिरा दी कि वह नई दीवार बनाएगा। लेकिन दीवार नहीं बनने से बारिश का पानी घर में भर रहा है, घरेलू सामान खराब हो गया है और खुले हिस्से से आवारा पशु व कुत्ते भी घर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे वृद्ध दंपती को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रोडूलाल कीर ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपी के हौसले बढ़ गए हैं। उन्होंने कलेक्टर से बकाया भरण-पोषण राशि दिलाने, मकान की समस्या का समाधान कराने तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
जनसुनवाई में अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।