डेस्क न्यूज़
08 July, 2026
अन्य
नीमच। 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में मध्यप्रदेश पुलिस के 'सेफ क्लिक 2.0' साइबर जागरूकता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल सुनील चिक्कोर्डे एवं प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी के निर्देशन में किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास (आईपीएस) ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फिशिंग, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल भुगतान तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि "जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों के विरुद्ध सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।"
विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अपनाने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी।
प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स समाज के जागरूक नागरिक हैं और उन्हें साइबर सुरक्षा की जानकारी अपने परिवार, विद्यालय, महाविद्यालय एवं समाज तक पहुंचाकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ानी चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. के. डबकरा, प्रो. संजय जोशी, एनसीसी अधिकारी अशोक कुमार, डॉ. आर. के. गुजेटिया, कैंप एडजुटेंट कैप्टन जितेंद्र कनौजिया सहित महाविद्यालय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन कुलदीप सिंह चंद्रावत ने किया। बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम में भाग लेकर सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लिया।