ताजासमाचार

नयागांव के कानका में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

डेस्क न्यूज़ 17 June, 2026


नयागांव (नीमच) जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कानका में बुधवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही और मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सुबह 7:30 बजे हथियारों और मिर्च पाउडर से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कानका में दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे यह विवाद अचानक हिंसक रूप ले गया। आरोप है कि एक पक्ष के रामनिवास ने बाहरी लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया।

हमलावर हथियारों से लैस होकर आए थे। परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने पहले परिवार के सदस्यों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंका और फिर धारदार व अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में पप्पू उर्फ पूरणमल (पिता बद्रीलाल तेली) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके भाई संपत, भाभी और भतीजे जीवन सहित परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार नीमच के नीजी चिकित्सालय में चल रहा है।

परिजनों का आरोप: "पुलिस ने साक्ष्य देखने के बजाय भगाया"
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने नयागांव पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। मृतक की बेटी ने रोते हुए बताया कि इस जमीन विवाद को लेकर कुछ दिन पहले भी झगड़ा हुआ था।

"हम पिछले विवाद के वीडियो और अन्य साक्ष्य लेकर पुलिस चौकी गए थे। लेकिन हमारी शिकायत सुनने और कार्रवाई करने के बजाय अधिकारियों ने हमें वहां से भगा दिया। अगर पुलिस ने समय रहते उचित कदम उठाए होते, तो आज मेरे पिता जीवित होते।"

स्थानीय निवासियों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, बाहरी हमलावरों की पहचान कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस बल तैनात, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल गांव में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
इधर जिला चिकित्सालय में पहुंचे परिजनों ने घटना की पूर्ण जांच और दोषियों पर कड़ी कारवाई को लेकर मृतक का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया है.   

 

Related Post