ताजासमाचार

नीमच में मनेगा महाराणा प्रताप का 487वां जन्मोत्सव : भव्य वाहन रैली और ऐतिहासिक चल समारोह कल, विधायक परिहार ने दी जानकारी

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

•    राष्ट्रीय एकता का संदेश: विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित, नीमच जिला राजपूत समाज, महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव समिति, नीमच सिटी ने समस्त समाजों और राष्ट्रभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की । 
•    सुबह के कार्यक्रम: ग्वालटोली चौराहा और प्रताप चौक, नीमच सिटी स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर होगा भव्य माल्यार्पण व पूजन । 
•    ऐतिहासिक चल समारोह: सायं 5 बजे विशाल वाहन रैली और सायं 6 बजे नीमच सिटी के प्रमुख मार्गों से निकलेगा चल समारोह । 

नीमच, 16 जून 2026। हिन्दुआ सूर्य, मान-सम्मान, स्वतंत्रता एवं स्वाभिमान के राष्ट्रीय प्रतीक, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के 487वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नीमच में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव समिति, नीमच सिटी और समस्त नीमच जिला राजपूत समाज के तत्वावधान में कल यानी 17 जून 2026, बुधवार को शहर में भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रमों का आयोजन किये जायेंगे । नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी वीडियो संदेश जारी कर इस पूरे कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की और संपूर्ण समाज जनों से इसमें सहभागिता की अपील की है । 

सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा पूजन और माल्यार्पण
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उत्सव का शुभारंभ बुधवार प्रातः 9:30 से 9:45 बजे के बीच होगा । सबसे पहले नीमच सिटी स्थित प्रताप चौक और ग्वालटोली चौराहा दोनों जगह स्थित महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा पर समाज जनों, स्वजातीय बंधुओं और राष्ट्रभक्तों द्वारा पारंपरिक रूप से भव्य माल्यार्पण, पूजा-अर्चना और आराधना की जाएगी । 

शाम को निकलेगी विशाल वाहन रैली और ऐतिहासिक चल समारोह
युवाओं में राष्ट्रवाद का जोश भरने के लिए सायं 5:00 बजे से एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने का अनुमान है। 
इसके तुरंत बाद, सायं 6:00 बजे से ऐतिहासिक चल समारोह (जुलूस) प्रारंभ होगा । यह चल समारोह प्रताप चौक (प्रताप व्यायामशाला के पास), नीमच सिटी से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों से होता हुआ गुजरेगा । चल समारोह के दौरान विभिन्न झांकियां और अखाड़े आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पूरे नगर का भ्रमण करने के पश्चात यह चल समारोह पुनः श्री नृसिंह मंदिर, नीमच सिटी पर पहुंचकर संपन्न होगा । 

विधायक परिहार ने की राष्ट्रीय एकता प्रदर्शित करने की अपील
कार्यक्रम की महत्ता को रेखांकित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने हाथ जोड़कर समस्त क्षेत्रवासियों, सर्व समाज, स्वजातीय बंधुओं और क्षत्रिय समाज के गौरवशाली नागरिकों से इस भव्य आयोजन में सपरिवार पधारने का विनम्र आग्रह किया है । उन्होंने कहा कि: "यह आयोजन किसी एक समाज का नहीं बल्कि राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है । सभी राष्ट्रभक्त अधिक से अधिक संख्या में पधारकर राष्ट्रीय एकता का परिचय दें और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं”।

Related Post