डेस्क न्यूज़
16 June, 2026
अन्य
नीमच। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने की। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की 16 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया, वहीं जनसुनवाई में पहुंचे करीब 57 फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष शिविर में आमजन को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिला। फरियादियों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें प्रस्तुत कीं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 16 शिकायतों का मौके पर संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया।
एसपी व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थाना स्तर पर भी समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।