ताजासमाचार

SBI के कैशियर ने गलती से ₹1 लाख ज्यादा दिए,  इस महिला ने बैंक पहुंचकर वापस लौटाए

डेस्क न्यूज़ 17 June, 2026 अन्य

द वॉचमैन पोस्ट 

कुकड़ेश्वर/नीमच, 17 जून 2026। आज के भौतिकवादी दौर में जहां लोग चंद रुपयों के लिए अपनी नीयत डगमगा देते हैं, वहीं कुकड़ेश्वर क्षेत्र से ईमानदारी और उच्च नैतिक मूल्यों की एक बेहद खूबसूरत और मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। कुकड़ेश्वर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में एक महिला की सजगता और ईमानदारी के चलते बैंक को ₹1 लाख का बड़ा नुकसान होने से बच गया। महिला के इस सराहनीय कदम की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

गिनती में हुई भूल, ₹4.51 लाख की जगह दे दिए ₹5.51 लाख
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुण्डालिया निवासी कारी गुर्जर पति अवधेश गुर्जर कुकड़ेश्वर स्थित स्टेट बैंक शाखा से नगद राशि निकालने पहुंची थीं। उन्हें बैंक से कुल ₹4 लाख 51 हजार की राशि का भुगतान किया जाना था। लेकिन बैंक कैशियर से काउंटर पर गिनती के दौरान अनजाने में एक बड़ी भूल हो गई और उन्होंने ₹4 लाख 51 हजार की जगह ₹5 लाख 51 हजार की गड्डी कारी गुर्जर को थमा दी।

घर जाकर जब गिने नोट तो खुली आंखें, तुरंत लौटीं बैंक
कारी गुर्जर बैंक से पैसे लेकर अपने घर पहुंचीं। घर पर जब उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से राशि की दोबारा इत्मीनान से गिनती की, तो उनके होश उड़ गए। बैंक से उन्हें तय राशि से पूरे ₹1 लाख रुपये अतिरिक्त मिल चुके थे। ऐसी स्थिति में जहां कई लोग लालच में आ जाते हैं, वहीं कारी गुर्जर ने एक पल की भी देरी नहीं की। वे तुरंत वापस कुकड़ेश्वर स्टेट बैंक शाखा पहुंचीं और बैंक प्रबंधक निर्मल रावत को पूरी घटना की सच्चाई बताते हुए अतिरिक्त ₹1 लाख की राशि उनके सुपुर्द कर दी।

बैंक प्रबंधक ने पुरस्कार देकर किया सम्मानित
बैंक स्टाफ ने जब महिला की इस अदम्य ईमानदारी को देखा, तो हर कोई उनका मुरीद हो गया। बैंक प्रबंधक निर्मल रावत ने कारी गुर्जर की इस ईमानदारी से अभिभूत होकर पूरी शाखा की ओर से उनका शाल-श्रीफल से सम्मान किया और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विशेष पुरस्कार प्रदान किया।

बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना था कि कारी गुर्जर जैसे ईमानदार नागरिक आज के समाज के लिए एक सच्चे प्रेरणास्रोत हैं, जिनकी वजह से व्यवस्थाओं और इंसानियत पर भरोसा कायम है। क्षेत्र के लोग इस घटना की जानकारी मिलने के बाद कारी गुर्जर के इस नेक कार्य की खूब तारीफ कर रहे हैं।

Related Post