ताजासमाचार

पैतृक भूमि बेचने का आरोप: महिला ने कलेक्टर से लगाई जांच और कार्रवाई की गुहार

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

नीमच। सीतामऊ तहसील के ग्राम बसोई निवासी ललिता कुंवर ने अपनी पैतृक कृषि भूमि को कथित रूप से बिना जानकारी और सहमति के बेचकर रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर नीमच को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर को दिए गए आवेदन में ललिता कुंवर ने बताया कि मनासा तहसील के ग्राम महागढ़ स्थित पैतृक कृषि भूमि में उनका वैधानिक अधिकार है। उनके माता-पिता के निधन के बाद उक्त संपत्ति में उनका हिस्सा बनता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी छोटी बहन बेबी कुंवर के पति मनोहर सिंह देवड़ा ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उक्त भूमि का विक्रय कर किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा दी।

ललिता कुंवर का कहना है कि भूमि विक्रय की पूरी प्रक्रिया से उन्हें अनभिज्ञ रखा गया। न तो उन्हें किसी प्रकार की सूचना दी गई और न ही संपत्ति के हस्तांतरण के लिए उनकी सहमति प्राप्त की गई। उनका आरोप है कि पैतृक संपत्ति में अधिकार होने के बावजूद उन्हें जानबूझकर नजरअंदाज किया गया, जिससे उनके वैधानिक अधिकार प्रभावित हुए हैं।

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्हें भूमि विक्रय और रजिस्ट्री की जानकारी मिली तो उन्होंने प्रशासन से संपर्क कर पूरे मामले की जांच की मांग की। उन्होंने अनुरोध किया कि भूमि विक्रय की प्रक्रिया, रजिस्ट्री के दस्तावेजों और उससे संबंधित सभी तथ्यों की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि संपत्ति का हस्तांतरण किन परिस्थितियों और किन आधारों पर किया गया।

ललिता कुंवर ने कलेक्टर से मांग की है कि पैतृक संपत्ति में उनके अधिकार को सुरक्षित किया जाए तथा यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, तथ्य छिपाने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

Related Post