ताजासमाचार

जमीन पर कब्जे का आरोप : किसान ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार, धमकी और मारपीट के भी आरोप

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

नीमच। रामपुरा तहसील के ग्राम जन्नौद निवासी किसान मोहनलाल अहिरवार ने अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप लगाते हुए कलेक्टर नीमच को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। किसान का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर को दिए गए आवेदन में मोहनलाल अहिरवार ने बताया कि ग्राम जन्नौद स्थित खसरा क्रमांक 273 की शामलाती भूमि में उनके हिस्से की 0.202 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोग उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें अपने ही खेत में आने-जाने से रोका जा रहा है।

शिकायतकर्ता के अनुसार जब भी वह अपनी पत्नी के साथ कृषि कार्य या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भूमि पर पहुंचते हैं, तब संबंधित लोग उन्हें रोकते हैं और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार करते हुए धमकियां देते हैं। किसान ने आरोप लगाया कि कई बार उनके साथ मारपीट करने का प्रयास भी किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

मोहनलाल का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसके चलते वे अपनी भूमि का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ रहा है।

किसान ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, उनकी भूमि का वैधानिक कब्जा दिलाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Post