ताजासमाचार

नीमच प्रशासनिक फेरबदल : जावद एसडीएम प्रीति संघवी और मनासा एसडीएम किरण आंजना का हुआ तबादला

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

नीमच | मध्य प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय (वल्लभ भवन, भोपाल) द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल का बड़ा असर नीमच जिले में देखने को मिला है, जहाँ दो प्रमुख महिला अधिकारियों को नई प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपते हुए स्थानांतरित किया गया है।

मंदसौर भेजी गईं जावद एसडीएम प्रीति संघवी
नीमच जिले के जावद में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहीं प्रीति संघवी  का तबादला अब जिला मंदसौर में संयुक्त कलेक्टर के पद पर कर दिया गया है। 

मनासा एसडीएम किरण आंजना का झाबुआ ट्रांसफर
इसी प्रकार, मनासा क्षेत्र की कमान संभाल रहीं किरण आंजना को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें नीमच से स्थानांतरित कर जिला झाबुआ में संयुक्त कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है।

प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से आदेश लागू
शासन द्वारा जारी आधिकारिक पत्र  के मुताबिक, यह तबादला पूरी तरह से प्रशासनिक आधार पर किया गया है। राज्य शासन ने आदेश जारी करते हुए दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

नीमच जिले के दो महत्वपूर्ण अनुभागों (जावद और मनासा) से इन दोनों अनुभवी महिला अधिकारियों की विदाई के बाद, अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नीमच के इन दोनों प्रमुख क्षेत्रों में आगामी समय में कमान किसे सौंपी जाती है।

Related Post