डेस्क न्यूज़
16 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के ग्राम झालरी में किसानों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बिछाई गई करीब 4 हजार फीट लंबी डबल पाइपलाइन को जेसीबी मशीन से क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे उनकी पूरी सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है और फसलों पर संकट मंडराने लगा है।
किसानों के अनुसार ग्राम आक्या स्थित खेतों तक ठिकरिया बांध से पानी पहुंचाने के लिए वर्षों की मेहनत और लाखों रुपए की लागत से पाइपलाइन बिछाई गई थी। यह पाइपलाइन क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा का काम कर रही थी। आरोप है कि 8 जून की रात जेसीबी मशीन से की गई खुदाई के दौरान पाइपलाइन को जानबूझकर तोड़ दिया गया, जिससे पूरी लाइन नष्ट हो गई और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
शिकायतकर्ता लखमीचंद और अन्य किसानों ने आरोप लगाया है कि बाबूलाल निवासी बोरखेड़ी, तखतसिंह, चतरसिंह निवासी खेताखेड़ा, महेश अहीर निवासी चावलडी, गणेश नायक निवासी जवासा, भरतसिंह निवासी बोरखेड़ी तथा राहुल खाचलिया निवासी मिलकपुरा सहित अन्य लोगों ने जेसीबी चलाकर पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया।
किसानों का कहना है कि उन्होंने पहले भी प्रशासन को आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी थी और खुदाई कार्य रुकवाने की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी तक दी गई।
इस घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पाइपलाइन टूटने से खेतों तक पानी पहुंचना बंद हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, हुए नुकसान की भरपाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।