ताजासमाचार

32 माह और 27 माह के एरियर पर पेंशनर्स का हक अधूरा ! मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन, जल्द भुगतान की उठी मांग

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

नीमच। प्रदेश के हजारों सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। संयुक्त विभाग पेंशनर संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन भेजकर छठवें और सातवें वेतनमान के तहत बकाया एरियर राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।

कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में संघ ने बताया कि छठवें वेतनमान के 32 माह और सातवें वेतनमान के 27 माह के एरियर का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इसके चलते प्रदेशभर के सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बालचंद वर्मा और राष्ट्रीय महासचिव जगमोहन श्रीवास्तव ने कहा कि इस मामले में बिलासपुर खंडपीठ द्वारा दायर रिट याचिका पर फैसला भी पेंशनर्स के पक्ष में आ चुका है। इसके बावजूद एरियर राशि का भुगतान नहीं होना सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ अन्याय है।

पेंशनर संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए लंबित एरियर का भुगतान जल्द कराया जाए, ताकि हजारों पेंशनर्स को राहत मिल सके। संघ का कहना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारी वर्षों तक शासन की सेवा करने के बाद अपने वैधानिक अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

ज्ञापन की प्रतिलिपि वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी भेजी गई है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर भुगतान प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके। पेंशनर संघ ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के लाखों पेंशनर्स को राहत प्रदान करेगी।

Related Post