ताजासमाचार

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, चुनाव आयोग का पुतला दहन

डेस्क न्यूज़ 16 June, 2026 अन्य

नीमच। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को नीमच में युवक कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया, चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और सांकेतिक रूप से चुनाव आयोग का सजीव पुतला बनाकर उसे बेड़ियों में जकड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू (मनमोहन) बना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन तकनीकी आधारों पर निरस्त किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी पारदर्शिता के विपरीत है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष एवं पारदर्शी होना लोकतंत्र की मूल भावना है। यदि विपक्षी दलों के प्रत्याशियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार होता है तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर चुनाव आयोग का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू बना, बृजेश मित्तल, भानु प्रताप राठौर, बबली तंवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और जनमत के सम्मान के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Related Post