ताजासमाचार

एनक्यूएएस टीम द्वारा जिला अस्पताल का निरीक्षण सम्पन्न, 16 विभागों का किया मूल्यांकन, कहीं बेहतर तो कही सुधार के निर्देश

डेस्क न्यूज़ 06 August, 2025

नीमच। नीमच जिला अस्पताल में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) टीम द्वारा सोमवार से मूल्यांकन कार्य शुरू किया गया था जो बुधवार को सम्पन्न हुआ। इस दौरान नेशनल टीम ने कहीं कमियों को पाया तो  कहीं अच्छे कार्यों की तारीफ भी की गई। अलग-अलग प्रान्तों से शामिल तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल में तीन बिंदु लक्ष्य, मुस्कान और एनक्यूएस के 16 विभिन्न विभागों का तीन दिवस तक गहन निरीक्षण किया। टीम द्वारा 4 अगस्त से 6 अगस्त तक जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, प्रबंधन और इंफ्रास्ट्रक्चर के विभिन्न मानकों पर किये गये मूल्यांकन के आधार पर अंक दिए जायेंगे।टीम में डॉ. तेज कुमार माथुर दिल्ली, डॉ. स्वाति वर्णेकर बॉम्बे और डॉ. मोनिका राणा प्रयाग राज शामिल थे।

जिला अस्पताल सीएमएचओ आर के खद्ययोत ने बताया कि शासन के पत्र अनुसार नीमच जिला अस्पताल के मूल्यांकन को लेकर अलग अलग प्रान्तों से तीन सदस्यीय टीम नीमच आई थी, अस्पताल मैं तीन बिंदु लक्ष्य, मुस्कान और एनक्यूएएस के 16 विभिन्न विभागों का तीन दिवस तक गहन निरीक्षण किया गया।
मूल्यांकन के दौरान टीम द्वारा क्लिनिकल सेवाएं, अस्पताल की आधारभूत सुविधाएं, स्टाफ की उपलब्धता, पेशेंट वेटिंग एरिया, वेंटिलेशन, प्रति बेड डॉक्टर और नर्स की संख्या, ऑपरेशन थिएटर में तीन अलग-अलग ज़ोन की व्यवस्था, एयर फिल्टर, तापमान नियंत्रण, संक्रमण नियंत्रण उपाय, ऑपरेशन प्रोटोकॉल, मरीज को उपचार में लगने वाला समय जैसे बिंदुओं पर गहनता से निरीक्षण किया गया।

 

टीम द्वारा अन्य विभागों जैसे ओपीडी, लेबर रूम, ओटी, फार्मेसी, स्टोर, रजिस्ट्रेशन काउंटर और एक्स-रे यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। तीन दिवसीय निरीक्षण उपरान्त टीम द्वारा अस्पताल को अंक प्रदान किए जाएंगे जो भविष्य में एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन की दिशा में नीमच जिला अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
 

इस दौरान टीम को जो भी कमियां मिली उन्हें सुधार के निर्देश दिए हैं और जहां बेहतर कार्य दिखा उसकी उन्होंने तारीफ भी की. हम यही चाहते हैं कि नीमच जिला अस्पताल इस टीम निरीक्षण में अव्वल आए और इसे बेहतर अंक प्राप्त हो ताकि जिला अस्पताल को जो राशि मिले उससे अस्पताल का विकास और मरीजों को बेहतर सुविधायें मिल पाएंगी।

Related Post