ताजासमाचार

80 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार, पैतृक मकान पर कब्जे के प्रयास का आरोप

डेस्क न्यूज़ 21 July, 2026 अन्य

नीमच। उम्र के आखिरी पड़ाव में जहां हर बुजुर्ग को सुरक्षा और सम्मान की जरूरत होती है, वहीं करीब 80 वर्षीय कमलाबाई सोनी अपने ही पैतृक घर में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। मंगलवार को वह अपने पोते के सहारे लाठी के सहारे जिला कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की।

कमलाबाई सोनी ने आवेदन में आरोप लगाया कि सिंगोली स्थित उनके पैतृक मकान पर परिवार के कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब वह अपने घर पहुंचीं तो मकान पर ताला लगा हुआ मिला। इसका विरोध करने पर उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मकान छोड़ने का दबाव बनाया गया।

बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह पिछले करीब 50 वर्षों से इसी मकान में रह रही हैं और लंबे समय से यही उनका आशियाना है। पारिवारिक विवाद के चलते वह अकेले जीवनयापन कर रही हैं। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और विवाद के कारण अब उन्हें अपने ही घर में जाने और रहने से डर लगने लगा है। इस कारण वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान हैं।

कमलाबाई ने आवेदन में आशंका जताई कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया तो उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था के कारण वह किसी भी प्रकार के विवाद का सामना करने की स्थिति में नहीं हैं और उन्हें प्रशासन से सुरक्षा एवं न्याय की उम्मीद है।

उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने, उनके पैतृक मकान पर अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने तथा उन्हें सुरक्षित रूप से अपने घर में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। जनसुनवाई में पहुंचे इस मामले ने एक बार फिर बुजुर्गों की सुरक्षा और संपत्ति संबंधी विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post