ताजासमाचार

मगरमच्छ पकड़ने के लिए लगाए पिंजरे में फंसी बछड़ी, दर्दनाक मौत के बाद वन विभाग पर उठे सवाल

द वाॅचमेन पोस्ट 18 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिस पिंजरे में मगरमच्छ को पकड़ने की उम्मीद थी, उसमें एक गाय की बछड़ी फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के उद्देश्य से पिंजरा लगाया था। लेकिन कई दिनों बाद भी मगरमच्छ तो पिंजरे में नहीं फंसा, जबकि एक गाय की बछड़ी उसमें फंस गई। समय पर बचाव नहीं होने से बछड़ी की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पिंजरे की नियमित निगरानी की जाती, तो बछड़ी की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों को पकड़ने के लिए लगाए जाने वाले पिंजरों की सुरक्षा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और विभाग से पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। वहीं, वन विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Post