द वाॅचमेन पोस्ट
20 July, 2026
प्रशासनिक
नीमच। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सोमवार को नयागांव और केसरपुरा क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंटों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए, जबकि आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस भी जारी किए गए। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं उनकी टीम ने होटल जैन मधुबन (नयागांव टोल प्लाजा) से जीरा, काली मिर्च, अजवाइन एवं मेथीदाना के चार नमूने लिए। इसी प्रकार श्री अन्नपूर्णा होटल (नयागांव टोल प्लाजा) से सौंफ, जीरा, तिल एवं लौंग के चार नमूने तथा होटल जाट श्री (मेन रोड, केसरपुरा, तहसील जावद) से पनीर, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर एवं जीरा के पांच नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों द्वारा खाद्य निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, तैयार खाद्य पदार्थों की परीक्षण रिपोर्ट तथा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा-32 के तहत नोटिस जारी किए गए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।