द वाॅचमेन पोस्ट
21 July, 2026
अपराध
नीमच। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक एस-प्रेसो कार से 41 किलो 200 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर डिकेन रोड स्थित भेरू बावजी अखेपुर-बावड़ा फंटे पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की एस-प्रेसो कार क्रमांक आरजे-27-सीएल-8706 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 41 किलो 200 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी पप्पुलाल पिता छगनलाल गेहलोत, निवासी बोरखेड़ी पाणेरी थाना नीमच सिटी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसके साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार हो रही एनडीपीएस कार्रवाईयों के बीच मनासा पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों के लिए बड़ा संदेश मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र मालवीय तथा आरक्षक विजयपाल सिंह, अंकित राठौर, दशरथ जाटव, अंकित जोशी एवं कुशलपाल जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।