ताजासमाचार

त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ ने कार्यालय में की आत्महत्या

द वाॅचमेन पोस्ट 21 July, 2026 अन्य

अगरतला। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यालय से जुड़े बाथरूम में मृत पाए गए। उन्हें तत्काल गोविंद बल्लभ पंत (जीबी पंत) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है, हालांकि अंतिम पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। अनुराग धनखड़ वर्ष 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और चर्चित नीरव मोदी बैंक घोटाला तथा 1984 सिख विरोधी दंगों की जांच से जुड़ी विशेष जांच टीम (SIT) का भी हिस्सा रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Related Post