डेस्क न्यूज़
21 July, 2026
अपराध
46 बोरियां, चक्की, अर्टिगा कार और पायलट बाइक जब्त... सीबीएन की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदसौर और नीमच जिले में दो अलग-अलग ऑपरेशन में कुल 1,093.090 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक मकान में डोडाचूरा को पीसकर पाउडर बनाने में उपयोग की जा रही चक्की, एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार और एक टीवीएस स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। दोनों मामलों में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम आकली में की गई। सीबीएन को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने मकान में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा संग्रहित कर उसे चक्की से पीसकर पाउडर के रूप में तस्करी की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर सीबीएन की संयुक्त टीम ने अलसुबह दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान के विभिन्न कमरों से 46 बोरियों में भरा 898.180 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। मौके से डोडाचूरा पीसने में उपयोग की जा रही चक्की भी जब्त की गई। कार्रवाई के बाद मकान मालिक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई नीमच जिले के मनासा-रामपुरा बाईपास रोड पर की गई। सीबीएन को सूचना मिली थी कि ग्राम पिपलोन से एक अर्टिगा कार में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है और एक मोटरसाइकिल उसके लिए पायलट वाहन का काम कर रही है। टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। जांच के दौरान अर्टिगा कार से 10 प्लास्टिक बोरियों और एक कपड़े की बोरी में भरा 194.910 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार और पायलटिंग कर रही टीवीएस स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि सीबीएन ने तस्करों के एक सक्रिय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।