ताजासमाचार

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए लोकतंत्र सेनानी वेणीराम पाटीदार

द वाॅचमेन पोस्ट 19 July, 2026

नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपलोन निवासी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदी) वेणीराम पाटीदार का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक एवं जनजीवन में शोक की लहर दौड़ गई। जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण और सादगीपूर्ण जीवन के लिए पहचाने जाने वाले वेणीराम पाटीदार को रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

उनकी अंतिम यात्रा बिहार बाग, मेहनोत नगर स्थित निवास से प्रारंभ होकर सिटी रोड स्थित मुक्तिधाम पहुंची। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए। पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुक्तिधाम में प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से वेणीराम पाटीदार को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान प्रदान किया गया। पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी दी, जिसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार, एसडीएम पराग जैन, थाना प्रभारी विजय सागरिया, राजेंद्र अग्रवाल, शिवनारायण नागदा, भगवानदास खंडेलवाल, प्रहलाद बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि वेणीराम पाटीदार ने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संघर्ष में एक लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदी) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित, संगठन और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा अपने सरल, विनम्र और कर्मठ व्यक्तित्व से समाज में अलग पहचान बनाई।

Related Post