डेस्क न्यूज
21 July, 2026
अन्य
नीमच। शहर के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान क्रमांक-2 में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल भवन निर्माण का विरोध करते हुए मंगलवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्कूल भवन का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराने की मांग करते हुए खेल मैदान को सुरक्षित रखने की अपील की।
ज्ञापन में बताया गया कि हायर सेकेंडरी स्कूल का मैदान क्रमांक-2 शहर के प्रमुख खेल मैदानों में से एक है, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम करीब 1,000 से 1,500 खिलाड़ी, युवा एवं नागरिक खेलकूद, दौड़ और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। यदि इसी मैदान पर स्कूल भवन का निर्माण किया गया तो खेल गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित होंगी और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचेगा। खिलाड़ियों का कहना है कि नीमच ने प्रदेश और देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। ऐसे में खेल मैदान को समाप्त करना खेलों और खिलाड़ियों के भविष्य के लिए नुकसानदायक होगा। उनका कहना है कि शहर में पहले से ही खेल मैदानों की कमी है, इसलिए उपलब्ध मैदानों का संरक्षण किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए शहर में अन्य स्थानों पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहां बिना किसी विवाद के भवन का निर्माण कराया जा सकता है। खिलाड़ियों ने प्रशासन से जनहित और खेलों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थल बदलने की मांग की।